चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की तैयारियां शुरू हो गई है। 17 सितंबर को शहर से लेकर देहात तक कई कार्यक्रम होंगे। वाराणसी से वडनगर तक ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाएंगे।
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होने वाले कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
काशी क्षेत्र के प्रभारी और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि भाजपा की ओर से देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
यात्रा 50 जिलों, 88 रात्रि विश्राम और 187 पड़ावों से होकर गुजरेगी। काशी से 500 सेवा यात्री 10 अलग-अलग मार्गों से बाइक पर वडनगर के लिए रवाना होंगे। विभिन्न राज्यों से आने वाले युवा इस यात्रा में शामिल होंगे। लाभार्थियों से संवाद और विभिन्न सेवा गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
काशी विश्वनाथ धाम के कार्यक्रम का समन्वय शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी को सौंपा गया है। प्रदर्शनी में राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा तथा रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के कार्यक्रम राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल और महापौर अशोक तिवारी समन्वय करेंगे।
गंगाजल से जलाभिषेक, बटुक और डमरू दल रहेंगे
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम में सेवा यात्रियों द्वारा गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। वहाँ 11 हवन कुंडों पर हवन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सभी सेवा यात्रियों की मंगलकामना की जाएगी।
बटुक मंत्रोच्चार करेंगे, यात्रियों का तिलक किया जाएगा। डमरू दलों का वादन तथा साधु-संतों का आशीर्वाद यात्रा को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप देगा। बाबा विश्वनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
कई राज्यों से आएंगे सेवायात्री
पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों से युवा सेवा यात्री आ रहे हैं। उन्होंने व्यवस्था टोली से कहा कि यात्रियों के ठहरने, भोजन, स्वागत और कार्यक्रमों की पूरी व्यवस्था पहले से तय हो।
यात्रा के दौरान लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, सहकारी योजनाओं के लाभार्थियों, युवाओं, पीएम श्री, नवोदय और केंद्रीय विद्यालयों से जुड़े लाभार्थियों से संवाद किया जाए। उन्होंने मंचीय भाषणों को न्यूनतम रखते हुए सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
16 सितंबर को करीब 500 सेवा यात्रियों के आवास, भोजन, वाहन और होटलवार कमरा आवंटन पहले से तय करने के निर्देश दिए गए। 17 सितंबर को 50 सेवा यात्रियों को सुबह 9:30 बजे काशी विश्वनाथ धाम पहुंचाने तथा वहां से रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।



