HomeUncategorizedकेंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज पहुंचेगी वाराणसी: बीएचयू के कार्यक्रम में...

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज पहुंचेगी वाराणसी: बीएचयू के कार्यक्रम में होंगी शामिल, 250 रुपए का स्मारक सिक्का करेंगी जारी

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में आज कर्नाटक संगीत के महान संगीतकार मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती पर ₹250 का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में आयोजित विशेष समारोह में सिक्के का विमोचन करेंगी।

प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत के अनुसार, स्मारक सिक्के का वजन 35 ग्राम होगा। इसे चार धातुओं के मिश्रण से तैयार किया गया है। इसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जस्ता शामिल होगा। यह सिक्का सामान्य लेन-देन में इस्तेमाल के लिए जारी नहीं किया जाएगा।

चार धातुओं से तैयार होगा सिक्का

सिक्के में चांदी की मात्रा सबसे अधिक होगी। इसके अलावा तांबा, निकल और जस्ता का इस्तेमाल किया गया है। 35 ग्राम वजन वाला यह सिक्का मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती की स्मृति में जारी किया जा रहा है।

कर्नाटक संगीत की त्रिमूर्ति में शामिल थे दीक्षितर

वर्ष 1775 में जन्मे मुत्तुस्वामी दीक्षितर का भारतीय शास्त्रीय संगीत की कर्नाटक शैली में विशेष योगदान रहा है। उन्हें कर्नाटक संगीत की महान त्रिमूर्ति के तीन प्रमुख संगीतकारों में गिना जाता है।

उनकी रचनाओं में विभिन्न रागों का विस्तार, मंदिरों और देवी-देवताओं का वर्णन तथा भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की झलक मिलती है। उनकी संगीत रचनाएं आज भी कर्नाटक शास्त्रीय संगीत की समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular