चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर सोमवार को कम दृश्यता (विजिबिलिटी) के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सुबह मौसम खराब होने के चलते विमानों को रनवे पर उतरने की अनुमति नहीं मिली। कई विमान आसमान में चक्कर काटते रहे, लेकिन लैंडिंग नहीं हो सकी।
इसके बाद एक अंतरराष्ट्रीय समेत तीन उड़ानों को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, एक फ्लाइट निरस्त कर दी गई। इसके अलावा 14 उड़ानें 5 घंटे तक की देरी से संचालित हुईं।
सबसे ज्यादा परेशानी काठमांडू से वाराणसी आ रही बुद्धा एयर की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट के यात्रियों को हुई। विमान ने वाराणसी एयरपोर्ट के ऊपर 20 से अधिक चक्कर लगाए, लेकिन कम विजिबिलिटी के कारण लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद विमान को वापस काठमांडू लौटना पड़ा।
3 उड़ानें डायवर्ट, मुंबई की फ्लाइट कैंसिल
खराब मौसम के कारण इंडिगो की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू और नई दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया गया। वहीं, काठमांडू से आ रही बुद्धा एयर की फ्लाइट को वापस काठमांडू भेजना पड़ा।
इसके अलावा स्पाइसजेट की मुंबई-वाराणसी-मुंबई उड़ान को पूरी तरह निरस्त कर दिया गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
पुणे की फ्लाइट 5 घंटे 10 मिनट लेट
मौसम की खराबी का असर एयरपोर्ट से आने-जाने वाली 14 अन्य उड़ानों पर भी पड़ा। इनमें कई फ्लाइट निर्धारित समय से घंटों की देरी से रवाना हुईं।
स्पाइसजेट की पुणे फ्लाइट 5 घंटे 10 मिनट लेट रही।
इंडिगो की लखनऊ-वाराणसी फ्लाइट 3 घंटे 1 मिनट देरी से रवाना हुई।
एयर इंडिया की दिल्ली-वाराणसी फ्लाइट 1 घंटे 44 मिनट लेट रही।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की वाराणसी-शारजाह फ्लाइट 51 मिनट देरी से चली।
दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, खजुराहो और हैदराबाद की अन्य उड़ानें भी 15 से 54 मिनट तक लेट रहीं।
वेटिंग हॉल में घंटों इंतजार करते रहे यात्री
उड़ानों के डायवर्ट होने और देरी से संचालन के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा। सुबह से ही वेटिंग हॉल में यात्रियों की भीड़ रही। मौसम की खराबी का सबसे ज्यादा असर दिल्ली और मुंबई से आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ा। कई यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा की योजना भी बदलनी पड़ी।



