HomeUncategorizedआज वाराणसी आएंगे अखिलेश यादव: दिवंगत सपा नेता राजेश यादव के घर...

आज वाराणसी आएंगे अखिलेश यादव: दिवंगत सपा नेता राजेश यादव के घर जाकर देंगे श्रद्धांजलि, कार्यकर्ताओं से बात करेंगे

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – अभिषेक सोनकर

शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की MLC सीटों पर जीत के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को वाराणसी आएंगे। एक दिवसीय दौरे पर वह पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान MLC चुनाव में मिली जीत के बाद संगठन की स्थिति और PDA की बढ़ती राजनीतिक गतिविधियों को लेकर नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

अखिलेश यादव एयरपोर्ट से सीधे सीरगोवर्धनपुर गांव पहुंचेंगे। यहां वह सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव उर्फ नत्थू के आकस्मिक निधन पर उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। उनकी पत्नी चंदा यादव और परिवार के अन्य सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे।

दिवंगत कार्यकर्ता के परिवार से मिलेंगे

सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान ने बताया कि अखिलेश यादव मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वाराणसी पहुंचेंगे। उनका मुख्य कार्यक्रम पार्टी के दिवंगत कार्यकर्ता राजेश यादव के परिवार से मुलाकात कर उन्हें श्रद्धांजलि देना है।

बीमार पूर्व जिलाध्यक्ष का जानेंगे हाल

इसके बाद अखिलेश यादव युवजन सभा के प्रदेश सचिव अजय फौजी के घर जाएंगे। यहां लंबे समय से बीमार चल रहे उनके पिता और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश फौजी का हालचाल लेंगे।

सुंदरपुर में नेताओं के साथ करेंगे बैठक

पूर्व मुख्यमंत्री इसके बाद सुंदरपुर स्थित लता कुंज में पूर्व IRS अधिकारी राजेश सिंह के आवास पहुंचेंगे। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर MLC चुनाव के नतीजों और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और वाराणसी एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular