संवाददाता : रवि प्रताप आर्य

बलिया । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित “व्यापारी कल्याण दिवस” के अवसर पर राज्य कर विभाग, बलिया द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में जनपद के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान आरती आभूषण भंडार (RGN) रसड़ा के प्रतिनिधि एवं युवा व्यवसायी विश्वनाथ वर्मा को व्यापारिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, ईमानदार कर अनुपालन एवं समाज के प्रति सकारात्मक भूमिका के लिए जिला स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के कर-कमलों से प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद विश्वनाथ वर्मा ने इसे अपने जीवन का अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक क्षण बताते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि वर्षों की ईमानदारी, निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पित सेवा की सार्वजनिक पहचान है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार, राज्य कर विभाग, जिला प्रशासन एवं आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने विशेष रूप से जिलाधिकारी एवं राज्य कर विभाग के अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस सम्मान ने उनके कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी को और बढ़ा दिया है तथा भविष्य में और अधिक बेहतर कार्य करने की प्रेरणा प्रदान की है।
विश्वनाथ वर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने पिता श्री गणेश प्रसाद वर्मा, चाचा नवरत्न जी, परिवार के वरिष्ठजनों, ग्राहकों, शुभचिंतकों एवं RGN परिवार के सभी सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के विश्वास, सहयोग और स्नेह के कारण ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1974 में स्थापित आरती आभूषण भंडार (RGN) पिछले लगभग पाँच दशकों से ग्राहकों के विश्वास, गुणवत्ता और ईमानदार व्यापारिक परंपरा का प्रतीक बना हुआ है। आज यह सम्मान उसी गौरवशाली विरासत का परिणाम है, जिसे श्री गनेश प्रसाद वर्मा एवं श्री नवरत्न जी ने अपने अथक परिश्रम से स्थापित किया और जिसे अब नई पीढ़ी के रूप में विश्वनाथ वर्मा आगे बढ़ा रहे हैं।

विश्वनाथ वर्मा ने कहा कि वे भविष्य में भी पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और सेवा-भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए व्यापार जगत एवं समाज के हित में कार्य करते रहेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि RGN परिवार आगे भी अपने उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से जनपद बलिया ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।
समारोह के दौरान उपस्थित व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने विश्वनाथ वर्मा को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान न केवल RGN परिवार, बल्कि पूरे जनपद के व्यापारिक समुदाय के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।



