चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी के राजातालाब तहसील क्षेत्र के जक्खिनी व्यासपुर गांव की एक महिला सोमवार को तहसील दिवस में अपने हाथ में शिकायतों और प्रार्थना पत्रों की रसीदों का मोटा बंडल लेकर पहुंची। महिला ने एडीएम के सामने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि वह अब तक करीब 101 प्रार्थना पत्र दे चुकी है, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। तहसील में कोई सुनवाई नहीं है। उसने पूर्व में पारित आदेश का अनुपालन कराने की मांग की। एडीएम ने दो दिन के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
क्या है मामला
व्यासपुर गांव निवासी उर्मिला देवी के मुताबिक, उनके घर आने-जाने वाले रास्ते पर विपक्षी पक्ष ने ग्रामसभा की जमीन पर कब्जा कर तीन शेड खड़े कर लिए हैं। इससे उन्हें घर तक आने-जाने में परेशानी हो रही है। उनका आरोप है कि विपक्षी दबंग किस्म के हैं और ग्रामसभा की जमीन पर भी कब्जा किए हुए हैं।
उर्मिला ने बताया कि मामले की शिकायत के बाद प्रशासन की ओर से जांच की गई थी। जांच के बाद तहसीलदार न्यायालय द्वारा करीब सात महीने पहले बेदखली का आदेश भी पारित किया जा चुका है। इसके बावजूद मौके से कब्जा नहीं हटाया गया और आदेश का अनुपालन नहीं हो सका।

उर्मिला का कहना है कि इस मामले में उन्होंने अधिकारियों के यहां लगातार प्रार्थना पत्र दिया है, अब तक करीब 101 प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं। इन प्रार्थना पत्रों की रसीदें अब एक मोटे बंडल का रूप ले चुकी हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से वह परेशान हैं।
सोमवार को तहसील दिवस में उर्मिला ने एडीएम के सामने अपनी पूरी समस्या रखी और पूर्व में पारित बेदखली आदेश का अनुपालन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से उन्हें रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में एडीएम ने बताया कि मामले में पहले ही आदेश पारित हो चुका है। आदेश का अनुपालन दो दिन के भीतर करा दिया जाएगा।



