HomeUncategorizedवाराणसी में पुलिस को धक्का देकर शव ले भागे परिजनः पोस्टमार्टम का...

वाराणसी में पुलिस को धक्का देकर शव ले भागे परिजनः पोस्टमार्टम का विरोध, डूबने से हुई थी मौत, पुलिस ने फिर कब्जे में लिया

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – अभिषेक सोनकर

Oplus_16908288

वाराणसी के कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में बुधवार को शव के पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। परिजन पुलिस से खींचतान के बाद शव ई-रिक्शा पर रखकर अस्पताल से भाग गए।

मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली और सिगरा पुलिस ने घेराबंदी कर ई-रिक्शा को पकड़ लिया। इसके बाद शव को दोबारा कब्जे में लेकर कबीरचौरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सुरक्षा के बीच उसे मोर्चरी में रखा गया है।

मलदहिया मलिन बस्ती निवासी राजू कुमार (35) की पिशाचमोचन कुंड में डूबने से मौत हुई थी। पुलिस और NDRF ने शव को बाहर निकाला था। परिजन पोस्टमार्टम का विरोध कर रहे थे।

कुंड में नहाते समय गहरे पानी में चला गया

बुधवार सुबह राजू कुमार पिशाचमोचन कुंड में नहाने गया था। इस दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और तलाश के बाद शव को बाहर निकाला।

सिगरा पुलिस शव को कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने जांच के बाद राजू को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस शव को मोर्चरी में रखवाने की तैयारी कर रही थी।

पोस्टमार्टम का विरोध, पुलिस से हुई खींचतान

परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर अस्पताल में हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच खींचतान होने लगी।

इसी दौरान परिजन शव को ई-रिक्शा में रखकर अस्पताल से निकल गए। पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद कोतवाली और सिगरा पुलिस ने घेराबंदी कर ई-रिक्शा को रास्ते में पकड़ लिया।

Oplus_16908288

कड़ी सुरक्षा में मोर्चरी में रखा शव

पुलिस ने शव को दोबारा कब्जे में लेकर कबीरचौरा अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल शव को कड़ी सुरक्षा के बीच मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस के मुताबिक, अग्रिम कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर भेजा जाएगा। सिगरा एसओ शिवाकांत मिश्रा ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।

RELATED ARTICLES

Most Popular