चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

वाराणसी में नेशनल हाईवे-19 पर देर रात से सोमवार सुबह तक दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे हुए। कछवा सब्जी मंडी के पास दो कारों की आमने-सामने टक्कर में 10 लोग घायल हो गए। वहीं राजातालाब में कार और डंपर की भिड़ंत में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, दूसरे हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
कछवा में आमने-सामने भिड़ीं दो कारें, 10 घायल
पहला हादसा रविवार रात करीब 2 बजे कछवा सब्जी मंडी के पास हुआ। प्रयागराज से वाराणसी जा रही स्कॉर्पियो की सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई।
हादसे में स्कॉर्पियो सवार चका नैनी, प्रयागराज निवासी आशुतोष ओझा, रणवीर मिश्रा, राजरानी, गया बोध पांडेय, संगीता पांडेय, मीना देवी ओझा, सुषमा मिश्रा, ममता शुक्ला और प्राची मिश्रा घायल हो गए। दूसरी कार के चालक मिर्जापुर के इमामबाड़ा निवासी मोनू पुत्र फारूक अली को भी चोट आई।
सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को कछवा के दो निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़े थे, जिससे कुछ देर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो गया।
राजातालाब में कार-डंपर की टक्कर, बाल-बाल बचे लोग
दूसरा हादसा सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे राजातालाब सब्जी मंडी पेट्रोल पंप के आगे NH-19 पर हुआ। यहां कार और डंपर की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
गनीमत रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना पर राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर किनारे कराया। इसके बाद यातायात सुचारू हो गया।




