चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

रामेश्वर क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण कई गांवों में दर्जनों कच्चे मकान ढह गए हैं। सेवापुरी ब्लॉक की राजातालाब तहसील के जगापट्टी, परसीपुर, पेंडुका और लच्छीपुर गांवों में यह घटना हुई है, जिससे कई परिवार बेघर हो गए हैं।
इन घटनाओं में सबसे अधिक नुकसान ग्राम पंचायत जगापट्टी के पेंडुका में राजेश यादव और चंद्रशेखर सिंह के घरों को हुआ है। परसीपुर में फारुक अली, जगापट्टी के राजकुमार यादव और लच्छीपुर के मुन्ना बिन्द भी प्रभावित हुए हैं।
पीड़ित मुन्ना बिन्द ने बताया कि रात में तेज बारिश के दौरान उनके घर की दीवारों में दरारें आ गईं और कुछ ही देर में पूरा मकान गिर गया। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, घर में रखा अनाज, कपड़े और अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
मकान ढहने के बाद ये परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। कई पीड़ित परिवार पॉलिथीन तानकर रात गुजार रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को इस स्थिति में विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और फोन पर उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
ग्राम प्रधान ने बताया कि गांव में लगभग दर्जनों घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनकी एक सूची तैयार कर तहसील प्रशासन को भेजी जा रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द प्रभावित परिवारों को मुआवजा और अस्थायी आवास की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि वे इस बरसात के मौसम में सुरक्षित रह सकें।




