चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के किराए के मकान में लाखों की चोरी हो गई। युवक काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन करने गया था। चोरों ने घर का दरवाजा और अलमारी तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और एक कैमरा चुरा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना ओम नगर कॉलोनी, सोएपुर इलाके की है। जीयनपुर आजमगढ़ निवासी श्लोक तिवारी, पुत्र अश्वनी तिवारी, वाराणसी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। वे द्रौपदी सिंह के मकान में किराए पर रहते हैं। श्लोक ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ रात 8 बजे काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन करने गए थे।
रात करीब 1 बजे वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाने पर अलमारी खुली मिली और सामान बिखरा पड़ा था। श्लोक ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद आज सुबह लालपुर पुलिस को लिखित शिकायत दी गई।
श्लोक के अनुसार, चोरों ने सैमसंग का कैमरा, उनकी माताजी का एक सोने का हार, दो सोने की चेन, चार सोने की अंगूठी, एक मांगटीका, दो नथुनी, दो बाली, दो झूमके और चांदी की पाजेब सहित लगभग 12 लाख रुपये का कीमती सामान चुरा लिया।

सूचना मिलने पर लालपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर सबूत जुटाए। पुलिस को घर के सामने लगे एक मकान के सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध दिखाई दिए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
कॉलोनी के निवासियों ने बताया कि इलाके में पुलिस गश्त न होने के कारण लगातार चोरियां हो रही हैं। उनका आरोप है कि यहां नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे लोगों में डर का माहौल है।



