चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के अनौरा गांव में सोमवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि अदालत से स्थगन आदेश के बाद भी शौचालय निर्माण कराया जा रहा था।
इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद में दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले।
इस झड़प में दो महिलाओं समेत दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए हरहुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया और एक पक्ष की तहरीर पर 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गड्डा खोदने का विरोध करने पर महिला को पीटा अनौरा निवासी सुनील कुमार का आरोप है कि गांव की एक जमीन पर अदालत से स्थगन आदेश जारी है। सोमवार को गांव के ही गोविंद, पप्पू चौहान और उनके साथी जबरन उस जमीन पर गड्डा खोद रहे थे। जब सुनील के पिता और चाचा ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
सुनील के अनुसार विपक्षियों ने उनकी मां उत्तरा देवी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जिससे उनके सिर, आंख और पेट में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटेलाल और पन्नालाल को भी मारा पीटा गया।
शौचालय मरम्मत के दौरान मारपीट का आरोप वहीं दूसरी तरफ से गोविंद चौहान ने विरोधी पक्ष पर हमला करने का आरोप लगाया है। गोविंद का कहना है कि वे आबादी की जमीन में स्थित अपने पुराने शौचालय की मरम्मत करा रहे थे। तभी दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया, जिसमें छेदीलाल, चंद्रभाषा और पवन गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची ।पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है। इस बारे में बड़ागांव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घायल पक्ष के लोग थाने पर आए थे। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




