चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। शिवरामपुर के पास नेशनल हाईवे 19 पर वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहे एक ट्रक और प्रयागराज की तरफ से आ रही अर्टिगा कार के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में अर्टिगा कार सवार राजू और उसका एक साथी घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब प्रयागराज की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल राजू और उसके साथी को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। बाद में उन्हें वाराणसी स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे 19 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम भी मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और अर्टिगा कार को हाईवे से हटाकर यातायात को सुचारु किया गया।
पुलिस ने इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।




