चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

जनपद में डिप्थीरिया से बचाव के लिए विद्यालय आधारित टीडी एवं डीपीटी विशेष टीकाकरण अभियान उन विद्यालयों में संचालित किया जाएगा, जो अप्रैल 2026 में आयोजित विशेष अभियान के दौरान टीकाकरण से छूट गए थे अथवा जहां 50 प्रतिशत से कम बच्चों का टीकाकरण हो सका था। तीन अगस्ता से यह शुरू होगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ कन्नौजिया ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 5-6 वर्ष आयु (संभावित कक्षा-1) के बच्चों को डीपीटी बूस्टर, 10 वर्ष आयु (संभावित कक्षा-4 एवं 5) के बच्चों को टीडी तथा 16 वर्ष आयु (संभावित कक्षा-10 एवं 11) के बच्चों को टीडी का टीका लगाया जाएगा।
शासन के निर्देशानुसार यह अभियान 03, 04, 06 एवं 07 अगस्त को संचालित किया जाना था। लेकिन जनपद स्तर पर विद्यालयों के अवकाश को दृष्टिगत रखते हुए संशोधित कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
03 अगस्त (सोमवार) को जिन विद्यालयों में अवकाश रहेगा, वहां टीकाकरण 09 अगस्त (रविवार) को किया जाएगा।
04 अगस्त (मंगलवार) को चेहल्लुम के अवकाश के कारण जिन विद्यालयों में अवकाश रहेगा, वहां टीकाकरण 11 अगस्त (मंगलवार) को आयोजित किया जाएगा।
06 एवं 07 अगस्त, 2026 को प्रस्तावित टीकाकरण अभियान पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत संचालित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. मुकेश कुमार ने जनपदवासियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान में सहयोग करें तथा पात्र बच्चों का समय से टीकाकरण कराकर उन्हें सुरक्षित भविष्य प्रदान करें।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने बताया कि सभी टीकाकरण दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा अभियान की सतत निगरानी की जाएगी, जिससे कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।



