HomeUncategorizedरसड़ा में दो पक्षों में मारपीट, पीड़ित ने सोशल मीडिया पर फैलाई...

रसड़ा में दो पक्षों में मारपीट, पीड़ित ने सोशल मीडिया पर फैलाई गई भ्रामक खबरों का किया खंडन, रसड़ा पुलिस को बदनाम करने की साजिश

ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया । रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर-जवैनिया गांव की चट्टी पर गुरुवार शाम करीब 4 बजे चाय-पकौड़ी के पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए। वहीं, मारपीट के दौरान खौलते तेल की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रसड़ा से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर-जवैनिया चट्टी पर गणेश की चाय-पकौड़ी की दुकान है। बताया जाता है कि चाय-पकौड़ी खाने के बाद भुगतान को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष ने दुकान पर रखा खौलता तेल दूसरे पक्ष के लोगों के ऊपर फेंक दिया , जिससे दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

सूचना मिलते ही रसड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी रसड़ा भेजा। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

इधर, घटना की जांच जारी रहने के दौरान सोशल मीडिया पर बलिया सुखपुरा निवासी दलाल तथाकथित पत्रकार मामले से संबंधित भ्रामक खबरें प्रसारित करने लगा। इस संबंध में पीड़ित पक्ष के दीपक कुमार राजभर (निवासी मिर्जापुर-प्रधानपुर) ने NEWS HACK 24 से बातचीत में कहा कि मारपीट के दौरान विपक्षी पक्ष ने उनके दोनों बड़े भाइयों पर गर्म तेल फेंक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए।
दीपक राजभर ने बताया कि घटना के बाद जब वे रसड़ा कोतवाली पहुंचे तो पुलिस ने संवेदनशीलता के साथ उनकी सहायता की। पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया तथा हर संभव सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने रसड़ा कोतवाली में तहरीर दी है, जिस पर पुलिस मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों का खंडन करते हुए दीपक राजभर ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा पुलिस को बदनाम करने की नीयत से गलत और भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रसड़ा पुलिस ने उनके परिवार की हर संभव मदद की है और कोतवाली प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायलों के उपचार सहित आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई।

व्यापार कल्याण समिति के संरक्षक सुरेशचंद जायसवाल ने सोशल मीडिया पर रसड़ा इंस्पेक्टर योगेंद्र बहादुर सिंह को लेकर प्रसारित की जा रही भ्रामक और तथ्यहीन पोस्टों की कड़ी निंदा करते हुए इसे कुछ विकृत मानसिकता के लोगों की साजिश बताया है। व्यापारियों का कहना है कि ऐसे लोग पुलिस की छवि धूमिल करने और क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
श्री जायसवाल ने कहा कि वर्तमान इंस्पेक्टर के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगा है। बाजार में सुरक्षा का माहौल बना है, जिससे व्यापारी वर्ग स्वयं को पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित महसूस कर रहा है। ऐसे में सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों और भ्रामक पोस्टों का कोई आधार नहीं है।

वहीं व्यापार कल्याण समिति के अध्यक्ष मु. यूनुस ने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें तथा किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। व्यापारी नेता इकबाल अंसारी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व अपने निजी स्वार्थों के चलते पुलिस प्रशासन की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। व्यापारी नेता श्यामकृष्ण गोयल ने रसड़ा पुलिस प्रशासन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि निष्पक्ष एवं प्रभावी पुलिसिंग से क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से भी मांग की कि सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं गलत पोस्ट प्रसारित करने वाले लोगों के विरुद्ध जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर अंकुश लगाया जा सके।

स्थानीय व्यापारी रजनीश गुप्ता ने कोतवाली के इंस्पेक्टर योगेंद्र बहादुर सिंह की कार्यशैली एवं उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण से सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है।


व्यापार मंडल से जुड़े नसीम सिद्दीकी ने बताया कि इंस्पेक्टर आम नागरिकों एवं व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं और समयबद्ध तरीके से उनका समाधान कराने का प्रयास करते हैं। त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर भी पुलिस प्रशासन द्वारा बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है, जिससे व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण में अपना कारोबार करने में सुविधा मिलती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular