HomeUncategorizedरसड़ा में दैनिक भास्कर कार्यालय का भव्य उद्घाटन, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता...

रसड़ा में दैनिक भास्कर कार्यालय का भव्य उद्घाटन, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता से ही राष्ट्र सशक्त होगा: शिवेंद्र बहादुर सिंह

ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया। नगर में गुरुवार को नवस्थापित दैनिक भास्कर कार्यालय का भव्य उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुभासपा के प्रदेश महासचिव शिवेंद्र बहादुर सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं शुभ मुहूर्त में फीता काटकर कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के अवसर पर पत्रकारों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के सामाजिक दायित्व, निष्पक्ष समाचारों के महत्व तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर विशेष बल दिया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन एवं हवन से हुई। विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्यालय परिसर में स्थापित मंदिर में पूजा संपन्न कराई गई तथा सभी के सुख-समृद्धि एवं कार्यालय की निरंतर प्रगति की कामना की गई। इसके बाद मुख्य अतिथि शिवेंद्र बहादुर सिंह ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया।


अपने संबोधन में शिवेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण होती है। पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करने, जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का भी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता ही समाज में विश्वास कायम करती है। दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्र का रसड़ा में कार्यालय खुलने से क्षेत्रीय समाचारों को व्यापक पहचान मिलेगी और स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों तथा आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।

उन्होंने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी दबाव के सत्य एवं जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दैनिक भास्कर का नया कार्यालय क्षेत्र में सकारात्मक पत्रकारिता की नई पहचान स्थापित करेगा। कार्यक्रम में उपस्थित महामंडलेश्वर महंत कौशलेन्द्र गिरी ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन-प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों की कलम में समाज को दिशा देने की शक्ति होती है, इसलिए पत्रकारों को सत्य, निष्पक्षता और नैतिक मूल्यों के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। उन्होंने दैनिक भास्कर परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कार्यालय जनभावनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित कर समाज हित में कार्य करेगा।


इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भी दैनिक भास्कर के नए कार्यालय की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में एक सशक्त एवं विश्वसनीय समाचार माध्यम की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह कार्यालय पत्रकारिता के उच्च मानकों को बनाए रखते हुए जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता देगा।

कार्यक्रम के दौरान दैनिक भास्कर परिवार की ओर से सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों ने नवस्थापित कार्यालय के सफल संचालन, निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर दैनिक भास्कर ब्यूरो चीफ बलिया वीरेंद्र मोहन तिवारी,, सुरेशचंद जायसवाल, शैलजा राय, राजेश जायसवाल, दिनेश सिंह, इकबाल अंसारी, सुमित गुप्ता, राघवेंद्र कुमार गौतम, अख्तर जमील, उमाकांत विश्वकर्मा, विनोद शर्मा, मंटू शर्मा, संतोष सिंह, तनवीर अहमद, अर्जुन जी जायसवाल, रसड़ा थाना प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह, उत्तरी चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार, आरक्षी अंकुर वर्मा,राजेश गुप्ता (छितौनी), मनोज गुप्ता, रोहित गुप्ता, हरिश्चन्द्र गुप्ता, श्यामकृष्ण गोयल, अजीत भारद्वाज, ख़ैरुल अंसारी, शहाबुद्दीन अंसारी, मु. यूनुस, डॉ. धर्मेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी, शिक्षाविद, व्यापारी एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम व्यवस्थापक के रूप में सन्नी आर्य व आशीष सिंह की बेहतर भूमिका रही। रसड़ा दैनिक भास्कर संवाददाता रवि आर्य ने अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular