चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – रोहित चौरसिया

रामेश्वर क्षेत्र के प्रसिद्ध रामेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को द्वितीय महंत श्री युगल दास महाराज की 78वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष आयोजन किए गए।
पुण्यतिथि के अवसर पर मंदिर में भव्य श्रृंगार, हवन और पूजन-अर्चन किया गया। विश्व शांति के लिए पाठ का आयोजन भी हुआ। इसके बाद मंदिर परिसर में प्रसाद स्वरूप भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त उमड़े।
वृंदावन से पधारे संत श्री राधा रमण दास जी महाराज ने बताया कि गुरु महाराज की स्मृति में यह भंडारा कार्यक्रम पिछले 78 वर्षों से निरंतर चला आ रहा है। उन्होंने बताया कि गुरु महाराज के समय से ही इसी स्थान पर भंडारा आयोजित होता रहा है।
एक समय इसी मंदिर परिसर में भंडारा चल रहा था, जब घी खत्म हो गया। भक्तों ने इसकी सूचना गुरु युगल दास जी महाराज को दी। उन्होंने वरुणा नदी के किनारे खड़े होकर आराधना की और भक्तों से कहा कि वे जल को कड़ाही में डाल दें। बताया जाता है कि वरुणा का जल कड़ाही में पड़ते ही घी में बदल गया। इस घटना के बाद से इस भंडारे की ख्याति बढ़ गई।
गुरु महाराज की स्मृति में मंदिर परिसर में विश्व शांति के लिए रामायण पाठ का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर दर्जनों गांवों से सैकड़ों की संख्या में भक्त मंदिर में दर्शन करने पहुंचे और भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर मंदिर में पुजारी अनूप तिवारी, महाबली त्रिपाठी, राजबली त्रिपाठी, रामजी तिवारी, जनार्दन गिरी, लालजी माली, गुलाब यादव, बबलू जगापट्टी के ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव, रिशु सिंह, गुड्डू पाण्डेय, विवेक पाण्डेय, लालू पाल, संजय त्रिपाठी सहित सैकड़ों साधु-संत और क्षेत्रीय भक्त मौजूद थे।




