चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

वाराणसी के ग्रामीण इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। इससे खेतों में पानी भर गया है। वहीं, कपसेठी थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में एक जर्जर छज्जा गिरने से 70 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से खेतों में पानी भरा है, जिससे धान की फसल को फायदा मिला है। इन क्षेत्रों में धान की रोपाई पिछड़ गई थी, वहां भी अब किसान तेजी से रोपाई का कार्य पूरा करने में जुटे हैं। किसानों का कहना है कि इससे सिंचाई की जरूरत कम हुई है और फसल की बेहतर बढ़वार की उम्मीद बढ़ी है। बारिश से तापमान में भी गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
दूसरी ओर छज्जा गिरने का हादसा बुधवार सुबह 5 बजे कपसेठी थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में हुआ। लगातार बारिश के कारण एक मकान का जर्जर छज्जा अचानक गिर गया। उस समय 70 वर्षीय इमरता देवी, पत्नी स्वर्गीय सिंगार चौहान, घर के बाहर उसी छज्जे के नीचे चारपाई पर सो रही थीं।
छज्जा उनके ऊपर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें मलबे से बाहर निकाला। हालांकि, अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर कपसेठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।



