चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

वाराणसी में ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार, डिजिटल तकनीक, कौशल विकास, उद्यमिता और अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) और साईं इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल डेवलपमेंट के बीच बुधवार को एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। समझौता ज्ञापन समारोह बीएचयू के सेंट्रल ऑफिस में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की मौजूदगी में हुआ। बीएचयू की ओर से रजिस्ट्रार राजन श्रीवास्तव और निदेशक अजय कुमार सिंह ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
कुलपति ने कहा कि तकनीक और नवाचार की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। साईं इंस्टीट्यूट के चेयरमैन एवं आईटी-बीएचयू के पूर्व निदेशक प्रो. एसएन उपाध्याय ने ग्रामीण जरूरतों से नई तकनीक को जोड़ने पर जोर दिया।
एमओयू के तहत अनुसंधान, तकनीकी विकास, नवाचार, कौशल प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, तकनीक हस्तांतरण और उद्यमिता विकास के लिए संयुक्त प्रयास किए जाएंगे। किसानों और महिलाओं की आजीविका, डिजिटल समावेशन तथा ग्रामीण नवाचार को भी बढ़ावा दिया जाएगा।




