चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – अभिषेक सोनकर

वाराणसी में बुधवार शाम गिलट बाजार-सुद्धीपुर बाईपास पर एक सड़क हादसा हो गया। बाबतपुर स्थित घर लौट रहे 34 वर्षीय भवन निर्माण ठेकेदार अनुज कुमार पटेल को पीछे से आ रही एक निजी बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बस के पिछले पहिये की चपेट में आने से अनुज की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर चक्का जाम कर दिया। तेज बारिश के बीच यह जाम करीब डेढ़ घंटे तक चला। इससे सड़क के दोनों ओर एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई, जिससे लोगों को परेशानी हुई।
सूचना मिलने पर एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



