चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – अभिषेक सोनकर

वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र स्थित देहालीविनायक गांव के पास मंगलवार की भोर में लगातार बारिश के कारण एक सीरीश का पेड़ सड़क पर गिर गया। जंसा-रामेश्वर मार्ग पर पेड़ गिरने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण सड़क किनारे खड़ा यह पेड़ अचानक सड़क के बीचों-बीच आ गिरा। गनीमत रही कि जिस समय पेड़ गिरा, उस दौरान कोई वाहन या राहगीर उसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। इसके उपरांत मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका और फंसे हुए वाहन आगे बढ़ पाए।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में सड़क किनारे कमजोर पेड़ों से हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क किनारे के सूखे और जर्जर पेड़ों की जांच कराकर उन्हें हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से आवागमन बाधित न हो और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



