चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ : राकेश सदेजा

वाराणसी: विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम ने काशी नरेश के आठ भवनों को चिह्नित करते हुए लाल निशान लगाया। वहीं भवनों पर नोटिस चस्पा की गई। प्रशासनिक कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।
एडीएम सिटी आलोक वर्मा के नेतृत्व में वीडीए और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की टीम पहुंची। इस दौरान काशी नरेश के आठ भवनों को चिह्नित करते हुए लाल निशान लगाया गया। वहीं नोटिस चस्पा कर सूचना दी गई। मौके पर सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
दालमंडी क्षेत्र की अधिकांश दुकानें प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में बंद रहीं। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि बिना पूर्व सूचना के नोटिस चस्पा कर प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई की है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि संबंधित भवनों के कागजात और नक्शे की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि जिन भवनों पर लाल निशान लगाया गया है, वे जांच के दायरे में हैं और यदि अवैध पाए गए तो नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लोगों में यह चर्चा है कि इस कार्रवाई से दालमंडी और आस-पास के क्षेत्रों में व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान दालमंडी की गलियों में पुलिस बल के साथ अधिकारियों की टीम लगातार गश्त करती रही। लोगों को अनावश्यक भीड़ न लगाने की हिदायत दी गई। कुल मिलाकर, काशी नरेश के भवनों पर लाल निशान और दालमंडी में चस्पा किए गए नोटिसों ने शहर के व्यापारिक क्षेत्र में हलचल मचा दी है।।।



