चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

फूलपुर थाना क्षेत्र से लापता हुई 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने शादी के उद्देश्य से उसे बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग 6 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे अपने पिता को खाना देने के बाद घर लौटी थी। लगभग आधे घंटे बाद वह टिफिन लेने दुकान जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन न तो दुकान पहुंची और न ही वापस घर लौटी।
परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद फूलपुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया था।

नाबालिग की तलाश में जुटी पुलिस टीम को 14 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली। इस सूचना के आधार पर कैथौली के पास घेराबंदी कर अलगू सरोज (19) को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी सेऊर, थाना औराई, संत रविदास नगर (भदोही) का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक फूलपुर, राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह नाबालिग को शादी के उद्देश्य से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 137(2) और 87 के तहत दर्ज मुकदमे में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार यादव और हेड कांस्टेबल दिवाकर गुप्ता शामिल रहे।



