चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो : चन्दन यादव

वाराणसी: दालमंडी में सोमवार की रात पहली बार बुलडोजर घुसा। इससे व्यापारियों में खलबली मच गई। इस दौरान एक व्यापारी से अधिकारियों की बहस और नोकझोंक हुई। प्रशासन ने काशी नरेश की संपत्ति राजा कटरा को खाली करा लिया।
दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण के लिए भवनों को ध्वस्त किया जा रहा है। अभी तक हथौड़े से भवनों को गिराया जा रहा था। हालांकि सोमवार की रात अधिकारी दुकानों को गिराने के लिए बुलडोजर लेकर पहुंचे। बुलडोजर एक्शन की भनक लगते ही व्यापारियों में खलबली मच गई। काफी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए और अधिकारियों से बहस करने लगे।
विकास प्राधिकरण की ओर से एक भवन को अवैध घोषित किया गया है, क्योंकि उसका नक्शा पास नहीं कराया गया था। ऐसे में वीडीए की टीम भी मौके पर पहुंची। अधारियों ने भवन स्वामी को तत्काल मकान खाली करने को कहा, लेकिन भवन स्वामी एडीएम सिटी आलोक वर्मा और अधिकारियों से बहस करने लगा।
इससे माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया। दरअसल, रविवार को प्रशासन ने रजिस्ट्री हो चुके एक मकान के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। उस मकान में 14 दुकानदारों को विस्थापित होना पड़ा। इसको लेकर व्यापारियों में खासा आक्रोश रहा और सोमवार को दालमंडी की दुकानें बंद रहीं। रात में प्रशासन बुलडोजर लेकर पहुंचा तो व्यापारी और आक्रोशित हो गए। इस दौरान एक कंपनी पीएसी के साथ भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही।।।



