चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – अभिषेक सोनकर

वाराणसी में 5 दिन से लापता 7 साल के मासूम अयांश विश्वकर्मा का शव रविवार को गांव में ही एक तालाब में मिला। शव मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। मामला बड़ागांव के कुसमुरा गांव का है।
28 जुलाई को घर से लापता हुआ
कुसमुरा निवासी अमित विश्वकर्मा का 7 साल का बेटा अयांश 28 जुलाई को घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों को पहले लगा कि पड़ोस में या किसी के घर गया होगा, लेकिन देर तक जब उसके बारे में जानकारी नहीं मिली तो परिजन खोजने निकले।
काफी खोजबीन के बाद भी जब उसके बारे में कहीं कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने बड़ागांव थाने में गुमशुदगी की सूचना दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। इस बारे में पुलिस कमिश्नरेट के सोशल मीडिया सेल ने भी लोगों से मदद की अपील की थी।
महज 20 दिन की है छोटी बहन
परिजनों ने बताया कि अयांश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन 10 साल की है। एक छोटी बहन महज 20 दिन की है। दो बहनों के बीच इकलौते भाई की मौत से परिवार में मातम पसरा है। बताया जा रहा है कि अयांश मानसिक रूप से कमजोर था। माना जा रहा है कि वह खेलते-खेलते तालाब के पास गया होगा और डूब गया होगा।
फिलहाल, खोजबीन के दौरान पुलिस और परिजनों को घर के पास वाले तालाब में ही अयांश के डूबने का शक हुआ। तालाब में गांव का गंदा पानी जाता है। उसमें कूड़ा-करकट भरा रहता है। ऐसे में तालाब का पानी निकाला जाने लगा। उसके बाद अयांश का शव मिला।
इस बारे में बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तालाब का पानी बाहर निकलवाया गया। पानी कम होते ही अयांश का शव मिला है। परिजनों ने आशंका जताई है कि तालाब में डूबने से मौत हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




