HomeUncategorizedउपनिरीक्षक कुलदीप कुमार की सक्रियता लाई रंग, रसड़ा पुलिस ने दो शातिर...

उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार की सक्रियता लाई रंग, रसड़ा पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा; ₹1.10 लाख नकद व सोने-चांदी के आभूषण बरामद

संवाददाता : रवि प्रताप आर्य

बलिया। 29 जून। जनपद बलिया की रसड़ा पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब ₹1.10 लाख नकद, गलाया गया सोना-चांदी, आभूषण तथा अन्य सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई को चौकी प्रभारी उत्तरी उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र बहादुर सिंह के पर्यवेक्षण में यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।

ऐसे हुआ चोरी का खुलासा

पुलिस के अनुसार एक पीड़ित ने थाना रसड़ा में तहरीर देकर बताया था कि वह अपने परिवार के साथ वाराणसी गया हुआ था। घर बंद होने का फायदा उठाकर 26/27 जून की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।

मुखबिर की सूचना पर दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार

28 जून को क्षेत्र में गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान चौकी प्रभारी उत्तरी उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बनियाबांध मोड़ के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान—

उमेश राम पुत्र धनेश्वर राम, निवासी राजपूत नेवरी (राजपूत बेदुआ), थाना कोतवाली, बलिया।
विवेक कुमार सोनी उर्फ शुभम पुत्र नरेन्द्र प्रसाद सोनी, निवासी गंगा कॉलोनी, कदम चौराहा, थाना कोतवाली, बलिया।
भारी मात्रा में नकदी व आभूषण बरामद

पुलिस ने उमेश राम के कब्जे से ₹1,05,000 नकद, लगभग 4.810 ग्राम सोने की टंच टिकिया, 251 ग्राम एवं 155 ग्राम की चांदी की टिकिया बरामद की। वहीं विवेक कुमार सोनी के पास से 60 ग्राम चांदी, ₹5,000 नकद, दो आधार कार्ड, एक सोने का लॉकेट तथा सोने के कान के आभूषण बरामद किए गए।

चोरी के माल को गलाकर बनाता था नए आभूषण

पूछताछ में उमेश राम ने स्वीकार किया कि उसने रसड़ा क्षेत्र में कई स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण वह विवेक कुमार सोनी को गलाने के लिए देता था।

वहीं विवेक कुमार सोनी ने पुलिस को बताया कि वह चोरी के गहनों को गलाकर उनकी टंचिंग करता था और बाद में उन्हीं से नए आभूषण तैयार कर ग्राहकों को बेच देता था। पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है।

कई मामलों में पहले से दर्ज हैं मुकदमे

मुख्य आरोपी उमेश राम के विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट तथा आबकारी अधिनियम सहित कई गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार उसका आपराधिक इतिहास लंबा रहा है और वह पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है।

इन मामलों का हुआ खुलासा

पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान थाना रसड़ा में दर्ज चोरी के तीन मामलों का सफल अनावरण किया, जिनमें मुकदमा संख्या 232/2026, 219/2026 तथा 222/2026 शामिल हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार (चौकी प्रभारी उत्तरी) हेड कांस्टेबल रविन्द्र यादव, कांस्टेबल पंकज कुमार
वरिष्ठ कांस्टेबल सुजीत चौरसिया
की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस सफल कार्रवाई से रसड़ा पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसने का संदेश दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular