चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो – राकेश सदेजा

वाराणसी में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में CUET-UG 2026 के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही नवप्रवेशी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की बीएचयू इकाई ने विश्वविद्यालय परिसर में 15 स्थानों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए। लंका गेट समेत विभिन्न संकायों और संस्थानों में लगाए गए इन हेल्प डेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया।
लंका गेट स्थित केंद्रीय हेल्प डेस्क का शुभारंभ अभय प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान परिषद के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दस्तावेज सत्यापन से लेकर छात्रावास तक की जानकारी
अभाविप कार्यकर्ताओं ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का स्वागत किया। हेल्प डेस्क पर दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया, संबंधित संकाय व संस्थान, विभागों तक पहुंचने का मार्ग, छात्रावास और प्रवेश प्रक्रिया सहित विश्वविद्यालय से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराई गईं। दूर-दराज के क्षेत्रों से बीएचयू पहुंचे विद्यार्थियों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना की।
प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने तक मदद करेंगे कार्यकर्ता
अभाविप काशी हिन्दू विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि परिषद छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थी और अभिभावक बीएचयू में प्रवेश के लिए आते हैं। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से 15 स्थानों पर हेल्प डेस्क लगाए गए हैं। परिषद के कार्यकर्ता प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने तक विद्यार्थियों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे।





