चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र (DACE) की ओर से सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने और उनमें नई ऊर्जा भरने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुश्री अंजू प्रजापति को आमंत्रित किया गया है।
यह विशेष कार्यक्रम महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। गौरतलब है कि नई दिल्ली स्थित डॉ. अम्बेडकर फाउंडेशन के सहयोग से संचालित बीएचयू का यह उत्कृष्टता केंद्र (DACE) नियमित रूप से प्रतियोगी छात्रों के लिए इस तरह के शैक्षणिक और प्रेरणादायक व्याख्यान आयोजित करता रहता है, ताकि छात्रों को सही दिशा मिल सके।
25 सितंबर को होगा व्याख्यान
आयोजकों के अनुसार, इस प्रेरणादायक व्याख्यान का आयोजन आगामी 25 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:30 बजे तक डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र, बीएचयू परिसर में चलेगा।
छात्रों के लिए उपयोगी साबित होंगे अनुभव
इस कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को सिविल सेवा की कठिन तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन, प्रेरणा और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है। आयोजक मंडल ने विश्वास जताया है कि मुख्य वक्ता सुश्री अंजू प्रजापति के जमीनी अनुभव औउनके विचार विद्यार्थियों के संघर्षपूर्ण सफर में बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक साबित होंगे।



