HomeUncategorizedमंदिर की जमीन पर कब्जे से नाराज ग्रामीणों ने किया चक्काजामः पुलिस...

मंदिर की जमीन पर कब्जे से नाराज ग्रामीणों ने किया चक्काजामः पुलिस पर मिलीभगत का आरोप, जेल भेजने की धमकी देने का दावा

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ – प्रदीप साह

Oplus_16908288

वाराणसी में मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत को लेकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने यह कदम उठाया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाया। यह घटना लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर रोड पर स्थित आवास विकास कॉलोनी की है।

दौलतपुर उसरा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि वे वर्षों से श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर के बगल में बने मकानों के लोग, जिनमें विनोद यादव और अनिल यादव भी शामिल हैं, मंदिर की तरफ अपनी खिड़कियां और दरवाजे खोलकर जमीन पर कब्जे की कोशिश कर रहे हैं। वे मंदिर की तरफ सीवर का गंदा पानी भी बहा रहे हैं, जिससे उनकी आस्था को ठेस पहुंच रही है।

ग्रामीणों ने इस संबंध में एक दिन पहले लालपुर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने आज दौलतपुर रोड पर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना पर पहुंची लालपुर पुलिस ने चक्काजाम समाप्त कराया और यातायात सामान्य कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे लोगों से मिलीभगत कर रही है। वे यह भी कह रहे हैं कि पुलिस उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं कर रही है। इसी वजह से ग्रामीणों ने चक्काजाम कर अपना विरोध जताया और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

गांव की बुजुर्ग महिला लखपति देवी ने बताया कि लालपुर पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही धमका रही है और जेल भेजने की धमकी दे रही है। गांव की महिला आरती शर्मा ने कहा कि वे पुलिस की एकतरफा कार्रवाई और अवैध कब्जे की शिकायत मुख्यमंत्री से भी करेंगी।

विरोध प्रदर्शन करने वालों में लखपति देवी, मुन्नी देवी, गायत्री देवी, आशा देवी, आरती शर्मा, हीरामनी देवी, माया सिंह, धर्मेंद्र प्रजापति, सुजीत, गोपाल, विनोद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular