HomeUncategorizedडंपर ने बाइक सवार दो-युवकों को रौंदा, एक की मौत: 100 मीटर...

डंपर ने बाइक सवार दो-युवकों को रौंदा, एक की मौत: 100 मीटर तक घसीटता चला गया युवक, पैर कटकर दूर गिरा; हाईवे किया जाम

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो – निखिल लखमानी

वाराणसी के बुधवार की देर रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक मामूली रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मृतक युवक डंपर में फंसकर करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया।

हादसे में उसका एक पैर शरीर से कटकर करीब 50 मीटर दूर जा गिरा। घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर प्रयागराज की तरफ भाग निकला। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब 40 मिनट तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा। हादसा मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर गांव (बंगलाचट्टी) स्थित नेशनल हाईवे 19 का है।

अब पढ़िए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार भदोही जिले के बाबूसराय निवासी ओमप्रकाश बिंद (42) अपने साथी भदोही के बैंदा खास निवासी अखिलेश कुमार के साथ बाइक से वाराणसी से अपने घर लौट रहे थे। दोनों वाराणसी में दीवारों पर वॉलपेपर लगाने का काम करते थे।

बुधवार की देर रात काम समाप्त कर दोनों बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान गौर गांव (बंगलाचट्टी) के पास वाराणसी से प्रयागराज की तरफ जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर दूर जा गिरी, जबकि ओमप्रकाश डंपर में फंस गए। डंपर उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान उनका एक पैर कटकर करीब 50 मीटर दूर सड़क पर जा गिरा। हादसे में ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

पीछे बैठे अखिलेश सरोज कूद गए

वहीं बाइक पर पीछे बैठे अखिलेश सरोज कूद गए, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं और वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर प्रयागराज की तरफ भाग निकला। आसपास मौजूद कुछ ग्रामीणों ने डंपर का पीछा भी किया, लेकिन उसे पकड़ नहीं सके।

लोगों ने नेशनल हाईवे पर जाम कर दिया

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सड़क पर युवक का क्षत-विक्षत शव देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते हाईवे पर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। दोनों तरफ वाहनों का आवागमन बाधित हो गया।

सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास करने लगी, लेकिन ग्रामीण तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान स्थानीय पुलिस का जाम लगाए ग्रामीणों से हल्की नोकझोंक भी हुई।

करीब 40 मिनट बाद जाम खुलवाया

करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस ने किसी तरह हाईवे से जाम खुलवाया। हालांकि ग्रामीण शव को पुलिस के कब्जे में देने के लिए तैयार नहीं थे। शव को सड़क किनारे रखकर परिजनों के आने का इंतजार किया जाता रहा। करीब एक घंटे बाद मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक ओमप्रकाश बिंद के परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। वह अपने साथी अखिलेश कुमार के साथ वाराणसी में दीवारों पर वॉलपेपर लगाने का काम करते थे। दोनों अक्सर साथ ही बाइक से काम पर आते-जाते थे। बुधवार की रात भी दोनों काम खत्म कर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने ओमप्रकाश की जान ले ली।

RELATED ARTICLES

Most Popular