चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

वाराणसी में दीपावली से पहले गंगा घाटों को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से गुरुवार को दशाश्वमेध घाट से मीर घाट तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नगर निगम, नमामि गंगे, सृष्टि वेस्ट सॉल्यूशन सर्विसेज और ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ लोकल गवर्नेस के सदस्यों ने अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों से स्वच्छता को अपने दैनिक व्यवहार और संस्कार में शामिल करने की अपील की गई। त्योहारों के पहले ‘सबका साथ हो, गंगा साफ हो’ का संदेश देते हुए नगर निगम ने सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घाटों की सफाई की।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा और नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में दशाश्वमेध घाट और राजेंद्र प्रसाद घाट से सफाई अभियान की शुरुआत हुई। इसके बाद अभियान मीर घाट तक चलाया गया। इस दौरान गंगा तट और घाटों पर फैली गंदगी को एकत्र कर साफ किया गया। अभियान में शामिल सदस्यों ने घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं, पर्यटकों और काशीवासियों से भी स्वच्छता अभियान से जुड़ने की अपील की। श्रमदान के बाद वहां उपस्थित पर्यटकों और आम लोगों को गंगा और घाटों को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई
गई।
इस अवसर पर गंगा की अविरल धारा को निर्मल बनाए रखने और घाटों की नियमित सफाई में जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया गया। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने ‘सबका साथ हो, गंगा साफ हो’ का नारा देते हुए प्रत्येक काशीवासी से गंगा स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। वहीं, नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा सफाई अभियान में युवाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता, नियमित साफ-सफाई और जागरूकता से गंगा को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी। आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को गंगा स्वच्छता अभियान से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि गंगा की सफाई के लिए जनभागीदारी जरूरी है।
अभियान में नमामि गंगे महानगर की सहसंयोजक बीना गुप्ता, सृष्टि वेस्ट सॉल्यूशन सर्विसेज एवं ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ लोकल गवर्नेस से ज्ञानदीप अग्निहोत्री, अमन मौर्या, विद्याकांत, रविकांत, अभिषेक शुक्ला, अमित अग्रहरि और मनीष सिंह शामिल रहे। नगर निगम की ओर से प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी संदीप भार्गव, दशाश्वमेध के खाद्य एवं सफाई निरीक्षक वेद प्रकाश र और अन्य कर्मरी भी अभियान में मौजूद रहें।




