यूपी हेड : अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो : चन्दन यादव

वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब छात्रों ने सुरक्षाकर्मियों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड पर मारपीट व दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए बिड़ला हॉस्टल के बाहर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करते हुए आरोपी सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे।
नरिया गेट के पास हुआ कहासुनी
मामला नरिया गेट का बताया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि कुछ विद्यार्थी किसी काम से नरिया गेट गए थे। जब वे लौटकर कैंपस में प्रवेश कर रहे थे, तभी सुरक्षाकर्मियों के साथ कहासुनी हो गई। छात्रों का आरोप है कि बहस के दौरान प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम में शामिल सुरक्षाकर्मियों ने न केवल अभद्र व्यवहार किया बल्कि कुछ छात्रों के साथ हाथापाई भी की। घटना की खबर मिलते ही हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्र भी बाहर आ गए और बिड़ला हॉस्टल के पास सड़क पर धरने पर बैठ गए।

धरना दे रहे छात्रों ने साफ कहा कि जब तक जिम्मेदार सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, वे अपना विरोध समाप्त नहीं करेंगे। छात्रों का आरोप है कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड आए दिन छात्रों के साथ अभद्रता करता है और प्रबंधन इन मामलों को गंभीरता से नहीं लेता। यही वजह है कि गुरुवार को उनका गुस्सा फूट पड़ा।
आश्वासन के बाद माने छात्र
सूचना पाकर मौके पर सुरक्षाकर्मी व विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन देर शाम तक छात्र अपने रुख पर अड़े रहे। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।



