ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर गुरूवार को पार्टी के पदाधिकारियों ने जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से समाजवादी पार्टी के कुछ सांसदों, नेताओं एवं समर्थकों द्वारा पिछड़े, दलित एवं अतिदलित समाज के लोगों के प्रति कथित रूप से जातिसूचक एवं अपमानजनक भाषा के प्रयोग पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि किसी भी वर्ग, जाति या समुदाय के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे के लिए उचित नहीं है। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि समाज में समानता, सम्मान और

आपसी सद्भाव की भावना बनी रहे। इस अवसर पर सुभासपा प्रदेश महासचिव शिवेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान प्रदान करता है। इसलिए किसी भी वर्ग के प्रति अपमानजनक एवं भेदभावपूर्ण भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पार्टी ने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
यह ज्ञापन कार्यक्रम सुभासपा के प्रदेश महासचिव शिवेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



