चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं मिश्रिख लोकसभा सांसद अशोक रावत के प्रथम काशी क्षेत्र आगमन पर शनिवार को कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और विशाल मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान कचहरी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
रोहनिया स्थित कार्यालय तक प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। काशी की परंपरा के अनुरूप डमरू की धुन, पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत ने कहा कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अनुसूचित समाज के विश्वास और समर्थन के बल पर भारतीय जनता पार्टी पुनः पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले 70 वर्षों में अनुसूचित समाज के महापुरुषों को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे अधिकारी थे। वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास, माता रमाबाई तथा अन्य संत-महापुरुषों के सम्मान में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए गए। उन्होंने बाबा साहब के पंचतीर्थ, संत रविदास कॉरिडोर तथा संत कबीर की जन्मस्थली के विकास जैसे कार्यों को अनुसूचित समाज के लिए गौरवपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री रजनीश कनौजिया ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अजित रावत ने प्रदेश अध्यक्ष को बाबा श्री काशी विश्वनाथ का स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं विशाल पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक में पूर्व सांसद बी.पी. सरोज, क्षेत्रीय अध्यक्ष अजित रावत, क्षेत्रीय महामंत्री रजनीश कनौजिया, जितेंद्र सोनकर, प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट रंजीत रावत, प्रदेश मंत्री अशोक सोनकर, पूर्व चेयरमैन निर्मला आनंद, वाराणसी जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश प्रियदर्शी, महानगर अध्यक्ष मनोज सोनकर, प्रयागराज से राजेश सोनकर, सोनभद्र से सरजू बैसवार, यमुनापार से राजमणि पासवान, गंगापार से आशीष भारतीय, मछलीशहर से रामसूरत सहित काशी क्षेत्र के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



