संवाददाता : रवि प्रताप आर्य

बलिया। बाबा रामदल सूरजदेव हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के तत्वावधान में आयोजित नि:शुल्क महा स्वास्थ्य शिविर में शुक्रवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। शिविर का शुभारंभ सुभासपा के प्रदेश महासचिव एवं रसड़ा विधानसभा पर्यवेक्षक शिवेंद्र बहादुर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर शिवेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। उन्होंने कहा कि रसड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद बलिया में यदि किसी भी व्यक्ति की आकस्मिक सड़क दुर्घटना होती है, तो अस्पताल की ओर से हरसंभव सहयोग पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनसेवा ही हमारा मुख्य उद्देश्य है। स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। अपराह्न तक करीब 1250 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क उपचार एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की विभिन्न बीमारियों की जांच कर उचित चिकित्सकीय परामर्श भी दिया।

शिविर में डॉ. शाहनवाज अहमद, डॉ. सुखवेन्द्र पाल सिंह, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. उमाशंकर वर्मा, डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. अंकित सोनकर सहित अन्य चिकित्सक एवं फार्मासिस्टों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन वशिष्ठ नारायण सोनी, सुभासपा के कोषाध्यक्ष रुद्रप्रताप सिंह, मुकेश सिंह, अजय प्रताप सिंह, अतुल विक्रम सिंह, सुशीला राजभर, अशोक सिंह, राजेश (ग्राम प्रधान पटना) एवं विजय शंकर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुभासपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश राजभर ने किया।
स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन तथा बड़ी संख्या में मरीजों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर क्षेत्रीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की सराहना की।




