HomeUncategorizedलंका पुलिस ने 5 अंतर्राज्यीय गौ तस्करों को दबोचा, 16 गोवंश और...

लंका पुलिस ने 5 अंतर्राज्यीय गौ तस्करों को दबोचा, 16 गोवंश और डीसीएम वाहन बरामद

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
(NEWS HACK 24)

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की थाना लंका पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अंतर्राज्यीय गौ तस्करों (जिसमें एक बाल अपचारी शामिल है) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 16 गोवंश (11 गाय एवं 5 अन्य गोवंश) तथा तस्करी में प्रयुक्त एक डीसीएम वाहन (सीजी-04-पीई-1852) बरामद किया है।

पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराध नियंत्रण एवं गोवंश तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, थाना लंका पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 0334/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5(ए)/5(बी)/8 एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 में कार्रवाई करते हुए सोमवार तड़के करीब 4 बजे डाफी टोल प्लाजा के पास रमना क्षेत्र से चार आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवेन्द्र सिंह निवासी सीधी (मध्य प्रदेश), अभिषेक तिवारी निवासी कोरबा (छत्तीसगढ़), छोटू सिंह निवासी सीधी (मध्य प्रदेश) तथा आशू खरवार निवासी प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। इनके साथ एक 17 वर्षीय बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से गोवंशों को एकत्र कर बिहार ले जाकर अवैध रूप से बेचते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि इससे पहले भी कई बार इस प्रकार की तस्करी कर चुके हैं, लेकिन कभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। इस बार वे कुल 16 गोवंश लेकर बिहार जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 गाय, 5 अन्य गोवंश तथा तस्करी में प्रयुक्त आइसर डीसीएम वाहन (सीजी-04-पीई-1852) बरामद किया है। बरामद सभी गोवंशों को सुरक्षित संरक्षण में भेजते हुए आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक पवन पाण्डेय (चौकी प्रभारी रमना), उपनिरीक्षक संगम कुमार, हेड कांस्टेबल राम केवल, कांस्टेबल मुकेश यादव, आरक्षी चालक अमरेंद्र कुमार तथा आरक्षी चालक शनि गौतम की प्रमुख भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular