संवाददाता : रवि प्रताप आर्य

बलिया। , 5 जुलाई। रसड़ा पुलिस ने फर्नीचर की दुकान में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी का HP कंपनी का लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर, अमेरिकन टूरिस्टर बैग, लोहे की रॉड तथा ₹1,44,100 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी रसड़ा रजनीश कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में थाना रसड़ा पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को एक फर्नीचर व्यवसायी ने थाना रसड़ा में तहरीर देकर बताया कि 3 जुलाई की शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर काउंटर का दराज टूटा मिला और उसमें रखे HP कंपनी का लैपटॉप तथा नकदी गायब थी। जांच में यह भी सामने आया कि चोरों ने दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया था।

मामले में थाना रसड़ा पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इसी क्रम में रविवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ अमित पुत्र कमलेश शर्मा निवासी हिता का पुरा, थाना रसड़ा तथा विशाल कुमार शर्मा पुत्र जयराम शर्मा निवासी नरायनपुर, थाना रसड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विशाल उर्फ अमित उसी फर्नीचर की दुकान पर कारीगर के रूप में कार्य करता था, जिससे उसे दुकान और वहां रखे सामान की पूरी जानकारी थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक HP लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर, एक अमेरिकन टूरिस्टर बैग, ₹1,44,100 नकद तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार (चौकी प्रभारी उत्तरी), हेड कांस्टेबल रविन्द्र यादव, कांस्टेबल पंकज कुमार तथा कांस्टेबल अंकुर वर्मा शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।



