चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात रिंग रोड फेज-1 पर सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। हादसा हरहुआ पुलिस चौकी के पास वाजिदपुर स्थित अवधमान होटल के सामने हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने घायलों को हरहुआ पीएचसी पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।
जानकारी के मुताबिक, जंसा थाना क्षेत्र के सिहोरवा निवासी विवेक कुमार पटेल (30) अपने पिता विजयशंकर (50) के साथ बाइक (UP65EM8631) से चांदमारी से हरहुआ की तरफ जा रहे थे। वाजिदपुर में अवधमान होटल के सामने कट से बाइक यू-टर्न ले रही थी। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने हरहुआ पुलिस को सूचना दी। हरहुआ चौकी प्रभारी विवेकानंद द्विवेदी, उपनिरीक्षक केके वर्मा और कांस्टेबल हरिकेश मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल हरहुआ पीएचसी भेजा और परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, विजयशंकर को अंदरूनी चोटें आई हैं। वहीं विवेक कुमार पटेल का दाहिना पैर फ्रैक्चर हुआ है। सिर और हाथ में भी चोटें आई हैं।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों ने रिंग रोड पर कट से यू-टर्न लेने वाले वाहनों और तेज रफ्तार यातायात को लेकर चिंता जताई है। लोगों ने हादसों की रोकथाम के लिए वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।



