चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

वाराणसी में लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर नई बस्ती में फर्जी बिजली विभाग के कर्मचारी बनकर दो लोगों ने अधिवक्ता के घर छापा मार दिया। आरोप है कि दोनों ने बिजली चोरी का आरोप लगाकर केस दर्ज कराने और जेल भेजने की धमकी दी।
इसके बाद अधिवक्ता से 40 हजार रुपए नकद और उनकी बेटी के ATM से 9,500 रुपए निकलवाकर कुल 49,500 रुपए लेकर फरार हो गए। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
तार चेक करने के बहाने घर में घुसे
नई बस्ती पांडेयपुर निवासी अधिवक्ता हिमांचल सिंह वाराणसी कचहरी में वकालत करते हैं। उन्होंने लालपुर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 अगस्त को सुबह करीब 11:30 बजे दो व्यक्ति घर पहुंचे। दोनों ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए तार चेक करने की बात कही और घर में दाखिल हो गए।
अधिवक्ता के मुताबिक, घर में घुसते ही दोनों ने उन्हें, उनकी पत्नी और बेटी को डराना शुरू कर दिया। उन्होंने बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए एक लाख रुपए मांगे। रकम नहीं देने पर केस दर्ज कराने और जेल भेजने की धमकी दी। अधिवक्ता के विरोध के बावजूद दोनों अपनी मांग पर अड़े रहे।
घर से 40 हजार लिए, बेटी को ATM ले गए
डर और दबाव में आकर अधिवक्ता ने घर में रखे 40 हजार रुपए दोनों को दे दिए। इसके बाद आरोपी उनकी बेटी को साथ लेकर पास के ATM पहुंचे और उससे 9,500 रुपए निकलवाए। इसके बाद एक आरोपी ने बेटी से कहा कि वह अपने पिता को लेकर आए।
घबराए अधिवक्ता ने आरोपियों की ओर से दिए गए मोबाइल नंबर पर फोन किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने उन्हें सड़क किनारे एक दवा की दुकान पर बुलाया।
अधिवक्ता अपनी बेटी के साथ वहां पहुंचे और ATM से निकाले गए 9,500 रुपए भी आरोपियों को दे दिए।
नाम बताए नीरज राय और दीपक सेठ
पैसे लेने के बाद एक आरोपी ने अपना नाम नीरज राय निवासी पहड़िया बताया, जबकि दूसरे ने अपना नाम दीपक सेठ बताया। पीड़ित के अनुसार, दीपक ने अपना मोबाइल नंबर भी दिया। ठगी का अहसास होने के बाद अधिवक्ता शिकायत लेकर थाने पहुंचे।
अधिवक्ता का आरोप है कि थाने पहुंचने पर दरोगा ने उन्हें अगले दिन आने को कहकर वापस भेज दिया।
वहीं, घर में लगे CCTV कैमरे में दोनों आरोपियों के घर में आने और पूरी गतिविधि की फुटेज कैद हुई है। पुलिस अब तहरीर और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



