चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान वीर प्रताप उर्फ किशन पुत्र भानु प्रताप के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
परिजनों ने बताया कि वीर प्रताप ने गुरुवार रात परिवार के साथ खाना खाया था। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा। वीर प्रताप फांसी के फंदे से लटका हुआ था। यह देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
मोबाइल को लेकर कहासुनी की चर्चा
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि घटना से पहले रात में मोबाइल फोन के इस्तेमाल या उससे जुड़ी किसी बात को लेकर परिवार में कहासुनी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद से क्षुब्ध होकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस ने अभी आत्महत्या के कारणों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही चांदपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
चांदपुर चौकी इंचार्ज राघवेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



