HomeUncategorized9.5 लाख निजी खर्च कर प्रधान ने सजाया पूरा गांव: वाराणसी में...

9.5 लाख निजी खर्च कर प्रधान ने सजाया पूरा गांव: वाराणसी में तिरंगे की रोशनी से जगमगाया जगापट्टी; बोले- 15 अगस्त नहीं, हर दिन दिखे देशभक्ति

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रीक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

स्वतंत्रता दिवस से पहले सेवापुरी ब्लॉक के जगापट्टी गांव में देशभक्ति की अनूठी तस्वीर सामने आई है। यहां ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव ने सरकारी बजट का इंतजार किए बिना अपनी जेब से करीब 9.5 लाख रुपये खर्च कर पूरे गांव में तिरंगा और स्ट्रीट लाइटें लगवाई हैं। शाम होते ही गांव के मुख्य मार्गों से लेकर पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय और मंदिर के आसपास तक केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से जगमगा उठता है। प्रधान का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल 15 अगस्त पर गांव को सजाना नहीं, बल्कि पूरे साल गांव में देशभक्ति और स्वच्छ-सुंदर वातावरण बनाए रखना है।

सरकारी धन का इंतजार नहीं, निजी खर्च से कराया काम

ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव ने बताया कि गांव को आकर्षक बनाने के लिए उन्होंने सरकारी धन की प्रतीक्षा नहीं की। अपने निजी खर्च से करीब 9.5 लाख रुपये की लागत से तिरंगे और स्ट्रीट लाइटें लगवाईं। उनका कहना है कि गांव की सुंदरता और व्यवस्था के लिए जनप्रतिनिधि को केवल सरकारी योजनाओं पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।

चारों हिस्सों में लगवाईं तिरंगा लाइटें

प्रधान के मुताबिक जगापट्टी के चारों हिस्सों में लाइटें लगाई गई हैं। मुख्य मार्गों के अलावा पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय और मंदिर के आसपास भी प्रकाश की व्यवस्था की गई है। शाम होते ही रोशनी से पूरा गांव अलग ही रूप में नजर आता है। केसरिया, सफेद और हरे रंग की लाइटें तिरंगे की छटा बिखेरती हैं।

बच्चों और युवाओं में देशभक्ति जगाना मकसद

घनश्याम सिंह यादव ने कहा कि उनके मन में गांव को इस तरह सजाने की भावना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आई। उनका उद्देश्य गांव के बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत करना है। वह चाहते हैं कि नई पीढ़ी तिरंगे को केवल स्वतंत्रता दिवस के आयोजन से न जोड़े, बल्कि राष्ट्रप्रेम को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाए।

बोले- गांव सिर्फ 15 अगस्त को नहीं, हर दिन सुंदर दिखे

प्रधान ने कहा कि गांव को सजाने का मकसद केवल स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी करना नहीं है। वह चाहते हैं कि जगापट्टी पूरे वर्ष सुंदर और रोशन नजर आए। तिरंगा थीम वाली लाइटों से गांव में देशभक्ति के साथ आकर्षक माहौल भी तैयार हुआ है। इससे ग्रामीणों में भी गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की भावना बढ़ने की उम्मीद है।

ग्रामीणों ने कहा- ऐसे प्रधान सेवक की जरूरत

प्रधान की पहल की ग्रामीणों ने जमकर सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि आज ऐसे प्रधान की जरूरत है, जो केवल सरकारी योजनाओं पर निर्भर न रहे, बल्कि अपने स्तर से भी गांव के विकास और सौंदर्गीकरण के लिए आगे आए। निजी धन से इतना बड़ा काम कराने को ग्रामीणों ने गांव के प्रति प्रधान की प्रतिबद्धता से जोड़कर देखा।

मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से भी हो चुके सम्मानित

ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव को इससे पहले मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। अब स्वतंत्रता दिवस से पहले निजी खर्च से गांव को तिरंगे की रोशनी से सजाने की पहल चर्चा में है। प्रधान का कहना है कि गांव की पहचान केवल विकास कार्यों से नहीं, बल्कि वहां के लोगों में पैदा होने वाली सामाजिक और राष्ट्रप्रेम की भावना से भी बनती है। जगापट्टी में शाम के समय दिखाई देने वाली तिरंगे की रोशनी इसी सोच की तस्वीर पेश कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular