चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ़ – प्रदीप साह

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गंगापुर परिसर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा ‘हर घर तिरंगा’ और ‘मेरी माटी, मेरा देश’ अभियानों के तहत निकाली गई थी। परिसर प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सिंह के नेतृत्व में यह यात्रा परिसर से शुरू होकर आसपास के ग्रामीण और स्थानीय क्षेत्रों से गुजरी और वापस परिसर में समाप्त हुई।
इस यात्रा में शिक्षक, कर्मचारी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘अमर शहीदों का बलिदान, याद रखेगा हिंदुस्तान’ जैसे नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
स्थानीय नागरिकों ने भी यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के समापन अवसर पर परिसर प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सिंह ने कहा कि इस तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने यह भी बताया कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। समन्वयक जनसंपर्क डॉ. सुमित कुमार घोष ने बताया कि इस कार्यक्रम में परिसर के विभिन्न विभागों के शिक्षक, कार्यक्रम अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




