चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो – राकेश सदेजा

वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार शाम कुछ ही घंटों में तीन अलग-अलग सड़क हादसे हुए। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में हुए इन हादसों में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसों के बाद हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई और करीब दो किलोमीटर लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
दो ट्रकों की भिड़ंत, चालक घायल
पहला हादसा डांगहरिया गांव के पास एनएच-19 पर शाम करीब 4 बजे हुआ। यहां दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक राजू घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे ट्रामा सेंटर भेजा गया।
टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में खड़े हो गए। इससे हाईवे पर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
सर्विस लेन से मुख्य मार्ग पर आ रही पिकअप बाइक से भिड़ी
दूसरा हादसा शाम करीब 4:30 बजे मिर्जामुराद के पश्चिमी कट के पास हुआ। कछवा रोड की सर्विस लेन से एक पिकअप मुख्य मार्ग पर आ रही थी। इसी दौरान बनारस की ओर से आ रही हीरो स्प्लेंडर बाइक पिकअप से टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार सुशील पुत्र विद्यासागर और दिलीप पुत्र अर्जुन, निवासी जगन्नाथपुर, मिर्जापुर घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उनके परिजनों के साथ पास के अस्पताल भेजा।
ट्रक से टकराई कार, महिला समेत दो घायल
तीसरी घटना शाम करीब 4 बजे रूपापुर स्थित आनंद ढाबे के पास हुई। प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे ट्रक और आर्टिका कार में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार में सवार एक महिला और उसका साथी घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों हादसों के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क खाली कराई, जिसके बाद वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका।




