HomeUncategorizedदासेपुर गांव की सड़क बदहाल, पैचिंग भी बेअसरः दो साल पहले बनी...

दासेपुर गांव की सड़क बदहाल, पैचिंग भी बेअसरः दो साल पहले बनी सड़क एक माह में ही उखड़ी

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रीक ब्यूरो – राकेश वलेचा

हरहुआ विकासखंड के दासेपुर गांव की सड़क इन दिनों गड्डों और कीचड़ से बदहाल है। हल्की बारिश में ही सड़क पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की इस खराब स्थिति से स्थानीय लोगों में गहरा रोष है।

ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग पर करीब दो वर्ष पहले पक्की सड़क का निर्माण किया गया था। हालांकि, निर्माण के एक माह के भीतर ही सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगी थीं और जल्द ही बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। बाद में सड़क की पैचिंग भी कराई गई, लेकिन एक महीने के अंदर ही गिट्टियां फिर उखड़ गईं और सड़क दोबारा बदहाल हो गई।

हरहुआ बाजार स्थित पुरानी सब्जी मंडी के सामने से दासेपुर गांव को जाने वाला यह मार्ग दासेपुर, भगतुपुर, कोइराजपुर, मंशापुर, अनौरा, गोसाईपुर सहित लगभग आधा दर्जन गांवों को जोड़ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, पैदल यात्री, बाइक सवार और स्कूली छात्र इस मार्ग का उपयोग करते हैं। बारिश के दौरान कीचड़ और फिसलन बढ़ने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बने बड़े गड्डों के कारण अब तक कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। लोगों की परेशानी को देखते हुए दासेपुर निवासी राकेश सिंह ने पास के ईंट-भट्ठे से ईंट की गिट्टी मंगवाकर कुछ बड़े गड्ढों को भरवाया, जिससे आवागमन में थोड़ी राहत मिली है।

स्थानीय निवासी सतीश शर्मा, शक्ति सिंह, राजेश सिंह, राकेश सिंह, राजेश नाथ पांडेय, दिनेश सिंह, संजय पांडेय और विजय जायसवाल सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से खराब है, लेकिन संबंधित अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क को ठीक नहीं किया गया, तो किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular