HomeUncategorizedवाराणसी में चोरी के 2 नाबालिग सहित 5 आरोपी पकड़े: घर से...

वाराणसी में चोरी के 2 नाबालिग सहित 5 आरोपी पकड़े: घर से नकदी व सामान चोरी करने का आरोप, टुल्लू पंप और कटर मशीन बरामद

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रीक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी के रोहनिया में पुलिस ने घर में हुई चोरी का 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़ा है। इनमें तीन बालिग और दो बाल अपचारी हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो टुल्लू पंप, कटर मशीन और छोटा जनरेटर बरामद हुआ है। तीनों बालिग आरोपियों को मंगलवार शाम न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, दोनों बाल अपचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

घर से नकदी और मशीनें चोरी हुई थीं

पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को राहुल पटेल ने रोहनिया थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से कटर, ड्रिल मशीन, टुल्लू पंप, तार, टेबल फैन और 20 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

मंदिर के पास हाईवे की सर्विस लेन से पकड़े गए

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के बारे में सूचना मिली। इसके बाद रोहनिया पुलिस ने 18 अगस्त की सुबह करीब 5:10 बजे अखरी स्थित शीतलेश्वर महादेव मंदिर के पास हाईवे की सर्विस लेन पर घेराबंदी की।

पुलिस ने मौके से पांचों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ।

तीन बालिग, दो बाल अपचारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बालिग आरोपियों की पहचान रवि (22) निवासी बच्छांव पश्चिमपुरा, विनीत मौर्या (19) निवासी बच्छांव पश्चिमपुरा और चंदन (करीब 18) निवासी बच्छांव बिचलापुरा के रूप में हुई है। इनके साथ दो बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो टुल्लू पंप, एक कटर मशीन और एक छोटा जनरेटर बरामद किया है। तीनों बालिग आरोपियों को मंगलवार शाम न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। दोनों बाल अपचारियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular