चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चंदन रंजीत यादव

फिल्म ‘उदयपुर फाइल’ के प्रोड्यूसर अमित जानी गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। काशी पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया और देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी आगामी फिल्म ‘ज्ञानवापी फाइल’ बनाने की घोषणा की, जिसके बाद उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बाबा विश्वनाथ से देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना अमित जानी ने मंदिर में दर्शन-पूजन के उपरांत कहा कि बाबा विश्वनाथ समस्त सृष्टि के दुखों का निवारण करें और सभी श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा बनाए रखें। उन्होंने देश और उत्तर प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी इच्छा है कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनें तथा देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने। उनके इस राजनीतिक बयान ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
पहली बार पहुंचे काशी, बताया आध्यात्मिक अनुभव अमित ने बताया कि यह उनका पहला काशी दौरा है और बाबा विश्वनाथ के दर्शन उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहे। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा, धार्मिक वातावरण और सांस्कृतिक विरासत ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। उनके अनुसार, काशी केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए सनातन संस्कृति और आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है। यहां आकर उन्हें विशेष ऊर्जा और मानसिक शांति का अनुभव हुआ।
‘उदयपुर फाइल’ के बाद अब ‘ज्ञानवापी फाइल’
मीडिया से बातचीत के दौरान अमित जानी ने अपनी आगामी फिल्म ‘ज्ञानवापी फाइल’ की घोषणा करते हुए कहा कि उनकी टीम अब इस परियोजना पर काम शुरू करेगी। हालांकि उन्होंने फिल्म की कहानी, कलाकारों, निर्माण प्रक्रिया या रिलीज की संभावित तारीख को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की। उन्होंने केवल इतना कहा कि फिल्म पर जल्द ही काम शुरू होगा और समय आने पर सभी जानकारियां सार्वजनिक की जाएंगी।



