HomeUncategorized17 वर्षीय किशोरी लापता, 6 लाख रुपए नकद भी गायब: वाराणसी के...

17 वर्षीय किशोरी लापता, 6 लाख रुपए नकद भी गायब: वाराणसी के चौबेपुर में दो लोगों पर एफआईआर दर्ज, पुलिस जांच जारी

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

वाराणसी कमिश्नरेट के चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाया गया है और वह घर से 6 लाख रुपये नकद भी ले गई है। इस संबंध में पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को गांव का ही युवक विक्की राजभर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों का आरोप है कि किशोरी घर में रखे 6 लाख रुपये नकद भी ले गई है। यह रकम परिजनों ने हाल ही में जमीन बेचकर घर में रखी थी।

मामले की जानकारी होने पर 3 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8:00 बजे पीड़िता के पिता आरोपी के घर पहुंचे। जब उन्होंने अपनी बेटी के बारे में पूछताछ की, तो आरोपी के चाचा ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उन्हें अपने दरवाजे से भगा दिया।

पीड़ित पिता की शिकायत पर चौबेपुर थाना पुलिस ने 3 अगस्त 2026 को मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 137(2), 351(3), 352 और 87 के तहत मामला पंजीकृत किया है।

थाना प्रभारी चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस की टीम किशोरी की बरामदगी और आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर नाबालिग युवती को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular