HomeUncategorizedवाराणसी में गुंडा टैक्स के लिए मारपीट: घटना के एक सप्ताह बाद...

वाराणसी में गुंडा टैक्स के लिए मारपीट: घटना के एक सप्ताह बाद अपर पुलिस आयुक्त के आदेश पर FIR, जांच शुरू

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रीक ब्यूरो – राकेश वलेचा

वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने, मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर अपर पुलिस आयुक्त (एसीपी) के आदेश से गुरुवार देर शाम नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भीमचंडी निवासी ऋषभ सिंह ने अपर पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 31 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे वह किसी निजी कार्य से मोहनसराय जा रहे थे। आरोप है कि मातलदेई पुल के आगे मिल्कीचक निवासी नितेश कुमार यादव उर्फ लड्डू यादव ने अपने 8-10 साथियों के साथ उन्हें रोक लिया।

‘इलाके में काम करना है तो पैसे देने होंगे’

पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि यदि मोहनसराय क्षेत्र में काम करना है तो नियमित रूप से रंगदारी देनी होगी, अन्यथा इलाके में काम नहीं करने दिया जाएगा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी पहले भी धमकाकर पैसे ले चुका है और खुद को नागा यादव के परिवार का सदस्य बताता था।

पैसे देने से इनकार पर की पिटाई
ऋषभ सिंह का आरोप है कि आर्थिक तंगी का हवाला देकर आगे पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोप है कि कहा गया कि यदि पुलिस के पास गए तो उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा।

परिवार में दहशत का माहौल

पीड़ित ने शिकायत में बताया कि घटना के बाद से वह और उनका परिवार दहशत में हैं तथा आरोपियों से जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

एसीपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने अपर पुलिस आयुक्त के आदेश पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular