चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – रोहित चौरसिया

वाराणसी में बारिश के बीच सुसवाही क्षेत्र में निर्माणाधीन अपार्टमेंट के बेसमेंट के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में दो मकानों के हिस्से गिर गए। इससे लोगों में अफरा तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य में लगे तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासी बृजेश राय ने बताया कि उनके मकान का मुख्य गेट और दीवार का एक हिस्सा निर्माणाधीन अपार्टमेंट के लिए खोदे गए गड्ढे में समा गया। उनके अनुसार, पिछले चार महीने से यहां ‘शिवोहम’ नाम से अपार्टमेंट का निर्माण चल रहा है।
बेसमेंट के लिए करीब 40 फीट गहरा गड्डा खोदा गया है, जिसमें लगातार बारिश के कारण पानी भर गया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया।
रात एक बजे भरभराकर गिरी दीवार
बृजेश राय ने बताया कि गुरुवार रात करीब एक बजे अचानक तेज आवाज हुई। बाहर निकलकर देखा तो उनके मकान का गेट और दीवार का हिस्सा गड्ढे में गिर चुका था। इसी दौरान पड़ोसी मायाशंकर के मकान की एक दीवार भी ढह गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में दहशत का माहौल है।
डायल-112 पर सूचना, पुलिस पहुंची
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। देर रात तक क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटी रही और दहशत का माहौल बना रहा।
पहले भी हो चुका था विरोध
लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान निर्माण कार्य में लगे तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि स्थानीय निवासी पहले भी बेसमेंट की गहरी खुदाई का विरोध कर चुके थे। पूरे मामले की जांच की जा रही है।



