चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के धमरिया मार्ग पर सोमवार को एक मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक दुकान में जा घुसा। इस हादसे में दुकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चांदपुर की ओर से तेज गति से आ रहा था। मोड़ पर चालक ने संतुलन खो दिया, जिसके बाद ट्रक सीधे दुकान में घुस गया। हादसे के वक्त दुकान के अंदर और बाहर मौजूद ग्राहक व स्थानीय लोग इसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मलबे और ट्रक के नीचे फंसे घायलों को बाहर निकाला। घायलों को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही लोहता पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को एम्बुलेंस द्वारा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल भेजा। कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर यातायात सामान्य कराया।
स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है। लोहता पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



