HomeUncategorizedलखनपुर में 4 महीने से गिरा बिजली का खंभा नहीं: ईंटों के...

लखनपुर में 4 महीने से गिरा बिजली का खंभा नहीं: ईंटों के सहारे टिकी पूरे गांव की बिजली सप्लाई, हादसे का डर

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

Oplus_16908288

वाराणसी के लखनपुर गांव में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई है। यहां बीते चार महीनों से एक मुख्य बिजली का खंभा टूटा और गिरा पड़ा है। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बावजूद इसे बदला नहीं गया है।

टूटे हुए खंभे को बदलने के बजाय, उसे कुछ ईंटों के सहारे टिका दिया गया है। हाई वोल्टेज के तार इन्हीं ईंटों पर टिके हैं, जिससे यह कभी भी गिर सकता है। सड़क किनारे और आबादी के बीच इस तरह लटके खंभे से राहगीरों, पशुओं और बच्चों की जान को हर पल खतरा है।

गांव की इंदु देवी ने बताया कि खंभा टूटे हुए चार महीने हो गए हैं। उन्होंने बिजली विभाग के लाइनमैन और अधिकारियों को कई बार जानकारी दी, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिले। इंदु देवी ने कहा, “यह खंभा पूरी तरह ईंटों के सहारे टिका है। जिस दिन भी ये ईंटें खिसकीं या गिरीं, उसी पल एक हादसा हो जाएगा और पूरे गांव की बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप हो जाएगी।”

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग शायद किसी की जान जाने या करंट फैलने के बाद ही कार्रवाई करेगा। अगर समय रहते नया पोल लगाकर तारों को ठीक नहीं किया गया, तो कभी भी जनहानि हो सकती है।

ग्रामीणों ने विभागीय उच्चाधिकारियों और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस खतरे को देखते हुए टूटे खंभे को तुरंत हटाया जाए। साथ ही, वहां नया पोल लगाकर बिजली सप्लाई ठीक की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे प्रदर्शन करेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular